तेंदुए की तलाश में पुलिस ने बनाई टीम
बस्ती। जिले के गौर थाना के मेहदिया रामदत्त गांव में शुकवार को जंगली जानवर के हमले से 60 वर्षीय मनव्वर हुसैन की मौत हो गयी थी। मनव्वर दोपहर 12 बजे मस्जिद में नमाज़ पढ़ने के लिए जा रहे थे। ग्रामीणों को उनका शव सड़क के किनारे खून से लथपथ मिला था और चेहरे व गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना पाकर जंगली जानवर की खोज में वन विभाग की टीम भी जुट गयी है। चार टीम बनाकर घटना स्थल के चारों दिशाओं में दो-दो किलोमीटर तक काम्बिंग शुरू कर दी गई है। टीम को कुछ स्थानों पर पैरों के निशान भी मिले हैं, जिसे विशेषज्ञ के पास भेजा गया है। वहीं, ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने ड्रोन कैमरा लगाकर जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है।
रामनगर की रेंजर सोनल वर्मा ने बताया कि जंगली जानवर के पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। जो मेहंदियाराम दत्त गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में काम्बिंग कर रही है। काम्बिंग के दौरान कई जगह जंगली जानवर के पैरों के निशान पाए गए हैं। वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए सतर्क है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात भर काम्बिंग चलती रही। अभी तक टीम व ग्रामीणों को न तो किसी जंगली जानवर की आवाज सुनाई दी और न ही किसी ने उसे देखा है। ग्रामीणों का कहना है कि जो पैरों के निशान जगह-जगह पाए गए हैं, वह तेंदुए के पैरों के निशान की तरह हैं।

ड्रोन कैमरा लगाने की मांग
जंगली जानवर के हमले से हुई मौत के बाद तीसरे दिन भी दिन वन विभाग किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाया है। ग्राम प्रधान एजाज अहमद सहित कई लोगों ने ड्रोन कैमरा लगाकर निगरानी करने की मांग की। लोगों को कहना है कि अगर समय रहते इसका पता नहीं लगा लिया गया, तो यह और अधिक घातक साबित हो सकता है।




