दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज भी राहत नहीं मिली। उनकी हिरासत को 1 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपने बचाव में कहा, ईडी आम आदमी पार्टी को कुचलने की कोशिश कर रही है,उन्हें दिल्ली शराब नीति मामले में फँसाने की कोशिश कर रही है।
‘मैं ईडी की रिमांड याचिका का विरोध नहीं कर रहा हूं। ईडी मुझे जितने दिनों तक चाहे, हिरासत में रख सकती है। लेकिन ये एक घोटाला है ईडी के दो उद्देश्य हैं एक है, आम आदमी पार्टी को कुचलना और दूसरा है, एक ऐसी स्क्रीन बनाना, जिसके पीछे एक वसूली का रैकेट चलाया जाए।’
अदालत के कोर्ट रूम में जाने से ऐन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘यह एक राजनीतिक साजिश है। जनता इसका जवाब देगी।
अरविंद केजरीवाल की पेशी में शामिल होने के लिए पहुंची सुनीता केजरीवाल ने कहा, ‘उनकी तबीयत बहुत खराब है, उनको तंग किया जा रहा है, यह तानाशाही नहीं चलेगी, जनता इसका जवाब देगी।’
वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने सीएम केजरीवाल के खिलाफ दायर की गई याचिका खारिज कर दी है। इस याचिका में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके पद से हटाने की मांग की गई थी।
आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के आतिशी मार्लेना, सौरभ भारद्वाज जैसे वरिष्ठ नेता केजरीवाल के इस्तीफा देने की बात से लगातार इनकार कर रहे हैं। इन नेताओं के अनुसार केजरीवाल जेल के अंदर से अपनी सरकार चलाएंगे।
वहीं बीते बुधवार को उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने कहा था, ’मैं दिल्ली के लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि सरकार जेल से नहीं चलेगी।’




